आइची-नागोया।Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत के पदक अभियान में तीन कांस्य पदक जुड़े। टेबल टेनिस में दिया चिताले और मानुष शाह की मिश्रित युगल जोड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्का किया। वहीं महिला शॉट पुट में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। शूटिंग में भारत पहले ही एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुका है।
टेबल टेनिस में चिताले-मानुष को कांस्य
मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में दिया चिताले और मानुष शाह की जोड़ी का सामना चीन की वांग चुकिन और सुन यिंगशा से हुआ। भारतीय जोड़ी को 11-8, 11-5, 11-8, 11-2 से हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय जोड़ी का कांस्य पदक सुनिश्चित हो गया।
मनप्रीत कौर ने शॉट पुट में जीता कांस्य
महिला शॉट पुट के फाइनल में मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और कांस्य पदक हासिल किया। अंतिम प्रयास में उनके पास पदक का रंग बदलने का मौका था, लेकिन यह प्रयास फाउल हो गया। भारत की दूसरी खिलाड़ी कृष्णा जयशंकर मेनन 16.57 मीटर के प्रदर्शन के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
100 मीटर में भारतीय धावक फाइनल से बाहर
पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेश कुजुर फाइनल में जगह नहीं बना सके। गुरिंदरवीर ने 10.32 सेकंड का समय निकालकर 11वां स्थान हासिल किया, जबकि अनिमेश 10.38 सेकंड के साथ 18वें स्थान पर रहे।
हेप्टाथलान और भारोत्तोलन में पदक से चूके
महिला हेप्टाथलान में पूजा और अनामिका केए पदक हासिल नहीं कर सकीं। 800 मीटर में पूजा ने 2:16.43 मिनट और अनामिका ने 2:18.06 मिनट का समय दर्ज किया। हालांकि कुल अंकों के आधार पर पूजा छठे और अनामिका सातवें स्थान पर रहीं।
भारोत्तोलन में निरुपमा सेरम देवी 217 किलोग्राम के कुल भार के साथ सातवें स्थान पर रहीं। उन्होंने स्नैच में 93 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 124 किलोग्राम वजन उठाया।
साजन प्रकाश सातवें स्थान पर
पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल में भारतीय तैराक साजन प्रकाश 1:58.42 मिनट के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे। स्पर्धा में चीनी ताइपे के कुआन हुंग वांग ने स्वर्ण, चीन के फांग जू ने रजत और दक्षिण कोरिया के मिनसेओप किम ने कांस्य पदक जीता।
क्रिकेट में नेपाल का बड़ा उलटफेर
क्रिकेट में नेपाल ने ग्रुप-ए के मुकाबले में अफगानिस्तान को पांच विकेट से हराकर उलटफेर किया। अफगानिस्तान ने नेपाल के सामने 102 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे नेपाल ने 17.2 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।


