आइची-नागोया। Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन भारत का पदक अभियान लगातार जारी है। निशानेबाजी में अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने मिश्रित स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 15 पहुंच गई।
मिश्रित स्कीट के फाइनल में भारतीय जोड़ी ने 44 का स्कोर किया और तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीता। चीन ने स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने रजत पदक हासिल किया। इस पदक के साथ अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज
धालीवाल दोनों के एशियाड पदकों की संख्या दो हो गई है। इससे पहले दोनों अपनी-अपनी टीम स्पर्धाओं में भी कांस्य पदक जीत चुके हैं।
निशानेबाजी एक बार फिर भारत के लिए पदक दिलाने वाला प्रमुख खेल साबित हुई है। मिश्रित स्कीट का कांस्य मिलने के बाद भारत के शूटिंग पदकों की संख्या आठ हो गई है। महिला क्रिकेट टीम भारत को अब तक एकमात्र स्वर्ण पदक दिला चुकी है।
हॉकी में दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत का दबदबा
पुरुष हॉकी में भारत ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। शिलानंद लाकरा ने चौथे मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला। इसके बाद सुखजीत सिंह और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने लगातार गोल दागे। अभिषेक ने भी गोल कर भारत की बढ़त मजबूत कर दी।
दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 5-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल किया, जबकि अभिषेक ने भी दूसरा गोल दागा। दक्षिण कोरिया की ओर से किम जैहो ने 42वें मिनट में गोल किया। तीसरे क्वार्टर के बाद भारत 7-1 से आगे था।
भारत इससे पहले एशियन गेम्स 2026 में इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से हरा चुका है।
रोइंग में उज्ज्वल सिंह और रोहित की जोड़ी पुरुष लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा में पदक से चूक गई। भारतीय जोड़ी ने 6:27.42 का समय लेकर चौथा स्थान हासिल किया।
एशियन गेम्स के पांचवें दिन भारत के लिए निशानेबाजी और हॉकी के अलावा रोइंग, वुशु, एथलेटिक्स, कबड्डी और अन्य खेलों में भी मुकाबले जारी हैं।


