भोपाल। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक यूट्यूब चैनल को दिए गए साक्षात्कार में कथित आपत्तिजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के साथ भोपाल में आग लगाने की धमकी देने के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने संबंधित वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने और आरोपों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने 25 अक्टूबर 2026 को भोपाल के गांधी नगर थाने में थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा। इसमें आरोप लगाया गया है कि तिवारी ने एक साक्षात्कार के दौरान करीब 28 सेकंड के बयान में आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे एक विशेष समुदाय की भावनाएं आहत हुईं। शिकायत में ग्यारस की रात भोपाल में आग लगाने या लगवाने की कथित धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
आवेदन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r) और 3(1)(s) सहित भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने संबंधित वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने तथा मामले से जुड़े पत्रकारों और संपादकों के बयान दर्ज करने की मांग भी की है।
स्याही फेंकने की घटना के बाद बढ़ा विवाद
चंद्रशेखर तिवारी से जुड़ा विवाद इससे पहले सोमवार को भोपाल के सोमवारा क्षेत्र में सामने आया था। यहां उनके चेहरे पर स्याही फेंकी गई थी। इस दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘जय भीम’ के नारे लगाए गए थे। विवाद बढ़ने के बाद तिवारी ने अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद उनके खिलाफ विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग जारी है।


