बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जयपुर से पश्चिम बंगाल एक शव लेकर जा रही एंबुलेंस तेज रफ्तार में आगे चल रही पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की विडंबना यह रही कि एंबुलेंस में पहले से ही एक मृत व्यक्ति का शव रखा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 53.3 पर हुई। एंबुलेंस जयपुर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस आगे चल रही पिकअप में पीछे से जा घुसी।
राजस्थान और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक
प्रभारी एसपी विवेक तिवारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान (62), अलवर जिले के पीपलखेर निवासी हरिओम योगी (33) और पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मोतीवाला निवासी अमीनुल हक (32), रफीक (50) और आलम शामिल हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
एक शव लेकर निकले थे, पांच और मौत के मुंह में समाए
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि एंबुलेंस में पहले से एक व्यक्ति का शव रखा हुआ था, जिसे जयपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुई दुर्घटना ने पांच अन्य लोगों की जिंदगी भी छीन ली। एक मृतक का शव लेकर शुरू हुआ सफर पांच और लोगों की मौत के साथ खत्म हो गया।


