भोपाल। Human Rangoli : मध्यप्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत 9 और 10 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ थीम पर विशेष आयोजन किया जाएगा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और आलीराजपुर में हजारों नागरिक एक साथ मिलकर विशाल ह्यूमन रंगोली बनाएंगे। इस जनभागीदारी के भव्य दृश्य को ड्रोन कैमरों के जरिए रिकॉर्ड किया जाएगा।
छह जिलों में बनेगी मानव रंगोली
कार्यक्रम के दौरान बड़े मैदानों में नागरिक निर्धारित स्वरूप में एक साथ खड़े होकर मानव रंगोली का निर्माण करेंगे। ऊपर से देखने पर यह रंगोली एक विशाल चित्र और संदेश के रूप में दिखाई देगी। आयोजन में जनभागीदारी को प्रमुख आधार बनाया गया है।
सेवा से राष्ट्र निर्माण का संदेश
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के माध्यम से सेवा को सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। मानव रंगोली में सेवा, राष्ट्रभावना, स्थानीय संस्कृति और विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।
स्थानीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम
आयोजन में मध्यप्रदेश की स्थानीय कला और लोक-संस्कृति को भी शामिल किया जाएगा। वहीं, ड्रोन कैमरों से कार्यक्रम की हवाई रिकॉर्डिंग की जाएगी। इससे छह जिलों में एक साथ होने वाली जनभागीदारी का व्यापक दृश्य सामने आएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग नोडल
कार्यक्रम के लिए राज्य स्तर पर नोडल की जिम्मेदारी अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान को दी गई है। राज्य प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव जी.वी. रश्मि को सौंपी गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आयोजन का नोडल विभाग बनाया गया है। जनसंपर्क विभाग और भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ तथा आलीराजपुर का जिला प्रशासन आयोजन में सहयोग करेगा।


