मुंबई। टेलीविजन इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी (प्राइवेट लाइफ ) को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और हाल ही में एक शो के दौरान उन्होंने अपने रिश्ते से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। बातचीत के दौरान करण कुंद्रा ने बताया कि जब तेजस्वी के परिवार को उनके रिश्ते के बारे में पता चला था, तब उनके पिता को कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन तेजस्वी की मां शुरुआत में काफी असमंजस में थीं। करण ने हंसते हुए कहा कि तेजस्वी की मां ने उनसे साफ तौर पर कहा था कि उन्हें अपनी बेटी पर ज्यादा भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें थोड़ा संभलकर रहना चाहिए। इस बात को सुनकर शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। तेजस्वी प्रकाश ने भी इस दौरान अपनी मां की सोच के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनकी मां रिश्तों को लेकर बेहद व्यावहारिक सोच रखती हैं। तेजस्वी के मुताबिक उनकी मां चाहती थीं कि शादी जैसा बड़ा फैसला लेने से पहले दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ लें। इसी वजह से उन्होंने दोनों को शादी से पहले लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की सलाह दी थी। तेजस्वी ने कहा कि उनकी मां को उनकी बजाय करण की ज्यादा चिंता थी और वह चाहती थीं कि करण इस रिश्ते में पूरी तरह सहज महसूस करें। बातचीत के दौरान तेजस्वी भावुक भी नजर आईं।
रिद्धि डोगरा की बेबाक राय
फिल्म एक्ट्रेस रिद्धि डोगरा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर शादी, रिश्तों और आधुनिक सोच को लेकर अपनी बेबाक राय साझा की है। मिस पुणे रह चुकी ट्विशा शर्मा की मौत के बाद देशभर में चल रही बहस के बीच रिद्धि ने युवाओं, खासकर लडक़े और लड़कियों को रिश्तों को लेकर अधिक व्यावहारिक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है और शादी को जरूरत से ज्यादा रोमांटिक बनाकर देखने की सोच से बाहर निकलना जरूरी है। रिद्धि डोगरा ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं और उन्हें सिर्फ जीवन चलाने के लिए शादी की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अब लड़कियां किसी के सहारे नहीं, बल्कि बराबरी के रिश्ते की उम्मीद करती हैं। अभिनेत्री ने लडक़ों को भी सलाह दी कि वे यह समझें कि आज की महिलाएं आंख बंद करके हर बात मानने वाली नहीं हैं। कानून और बदलते समाज ने महिलाओं को अपनी पहचान और फैसले लेने की ताकत दी है। उन्होंने लड़कियों से कहा कि वे किसी परीकथा जैसी शादी या “परफेक्ट राजकुमार” की कल्पना न करें, क्योंकि वास्तविक जिंदगी अलग होती है। रिद्धि ने कहा कि शादी प्यार और सम्मान के आधार पर होनी चाहिए, न कि सामाजिक दबाव में।


