सोनीपत। बिग बॉस फेम हरियाणवी डांसर-सिंगर सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के बीच मतभेद अब अदालत तक पहुँच गए हैं। लंबे समय से सोशल मीडिया पर दिख रही दूरियों के बाद यह कपल अब अलगाव की राह पर है। 2023 के बाद दोनों ने एक साथ कोई फोटो या वीडियो शेयर नहीं किया, और इंस्टाग्राम पर भी एक-दूसरे को फॉलो नहीं करते हैं।
बुधवार को दिल्ली की द्वारिका महिला कोर्ट में सुनवाई के बाद सपना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया। कैप्शन में उन्होंने लिखा:
“कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे। उनका काम है कहना, यू जस्ट बिकम बहरा एंड मेंटेन ऑन योर चेहरा।”
करीब एक घंटे बाद वीर साहू ने भी रील शेयर की, जिसमें लिखा था:
“अच्छी सूरत को संवरने की जरूरत क्या है, सादगी में भी कयामत की अदा होती है।”
दोनों की इन पोस्ट्स पर फैंस की प्रतिक्रियाएं जमकर आ रही हैं, और लोग जानना चाहते हैं कि आखिर इस फेमस हरियाणवी कपल के बीच ऐसा क्या हुआ।
पहली मुलाकात: हिसार की गोशाला
सपना और वीर की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। दोनों की पहली मुलाकात 2016 में हिसार जिले की लाडवा गोशाला में हुई थी। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि यह मुलाकात आगे चलकर शादी में बदल जाएगी।
पहली बार पसंद नहीं आए, दूसरी मुलाकात में बदली सोच
सपना ने इंटरव्यू में बताया कि पहली मुलाकात में उन्हें वीर साहू बिल्कुल पसंद नहीं आए। उनका शांत और गंभीर स्वभाव सपना को अजीब लगा। लेकिन दूसरी मुलाकात एक अवॉर्ड शो में हुई। सपना ने बातचीत की पहल की, और धीरे-धीरे दोनों ने एक-दूसरे को समझना शुरू किया। यही से उनकी दोस्ती और प्यार की कहानी शुरू हुई।


