भोपाल। Women’s Asian Champions Trophy; महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार दो जीत दर्ज कर चुकी भारतीय महिला हॉकी टीम आज अपने तीसरे मुकाबले में थाईलैंड से भिड़ेगी। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7 बजे होने वाले इस मुकाबले में मेजबान टीम की नजर जीत की हैट्रिक लगाने पर होगी। भारतीय टीम जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी।
टूर्नामेंट के तीसरे दिन कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दिन की शुरुआत जापान और चीन के बीच होने वाले मुकाबले से होगी। दोनों टीमें दोपहर 2:30 बजे आमने-सामने होंगी। इसके बाद शाम 4:45 बजे दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दिन का अंतिम और सबसे आकर्षक मुकाबला भारत और थाईलैंड के बीच होगा।
पहले दो मुकाबलों में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी थी। इसके बाद दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अब थाईलैंड के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों का लक्ष्य जीत का सिलसिला बरकरार रखना होगा।
मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम इस बार लगातार तीसरी और कुल चौथी बार खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरी है। ऐसे में घरेलू दर्शकों के सामने टीम का प्रदर्शन खासा महत्वपूर्ण रहेगा।
जापान-चीन के मुकाबले पर भी रहेगी नजर
तीसरे दिन का पहला मुकाबला जापान और चीन के बीच होगा। एशियाई हॉकी की इन दोनों मजबूत टीमों के बीच होने वाला मैच भी टूर्नामेंट की अंक तालिका के लिहाज से अहम रहेगा। वहीं दक्षिण कोरिया और मलेशिया की टीमें भी जीत हासिल कर अपनी स्थिति सुधारने की कोशिश करेंगी।
छह देशों की इस प्रतियोगिता में सभी टीमें राउंड रॉबिन लीग प्रारूप में मुकाबले खेल रही हैं। टूर्नामेंट के सभी मैच नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किए जा रहे हैं। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।


