भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो निर्माण के लिए कब्रिस्तान की जमीन के इस्तेमाल को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे पर लंबे समय से नाराज चल रहे सामाजिक कार्यकर्ता आमिर आजाद ने शनिवार शाम औकाफ-ए-शाही कार्यालय के प्रभारी तलत हक्कानी पर स्याही फेंक दी। घटना मोती मस्जिद क्षेत्र में मलिक डेयरी के पास हुई। घटना के बाद तलत हक्कानी शिकायत दर्ज कराने तलैया थाने पहुंचे।
तलत हक्कानी के मुताबिक, वे कार्यालय से फिरोज नामक व्यक्ति के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान मलिक डेयरी के पास आमिर आजाद और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और चेहरे पर स्याही डाल दी। घटना शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है।
कब्रिस्तान की जमीन प्रभावित होने से नाराजगी
दरअसल, मेट्रो निर्माण कार्य को लेकर कब्रिस्तान की जमीन के इस्तेमाल पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आमिर आजाद का आरोप है कि मेट्रो परियोजना के कारण कब्रिस्तान और मस्जिदों की जमीन प्रभावित हुई है। निर्माण कार्य दिन-रात जारी है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।
आमिर आजाद ने तलत हक्कानी के उस कथित बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि मेट्रो निर्माण कार्य में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है। आमिर का कहना है कि यदि प्रभारी के पास समस्या का समाधान कराने का अधिकार नहीं है तो उन्हें पद की जिम्मेदारी छोड़ देनी चाहिए।
आमिर बोले- 10 साल से कब्रिस्तान बचाने की लड़ाई लड़ रहे
घटना के बाद आमिर आजाद ने कहा कि वे पिछले 10 वर्षों से कब्रिस्तान की जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कब्रिस्तान की जमीन ही प्रभावित हो रही है तो लोग अपने बुजुर्गों को कहां दफनाएंगे।
उनका आरोप है कि मेट्रो का निर्माण कार्य 24 घंटे चल रहा है और रात-दिन काम होने के बावजूद उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। आमिर ने चेतावनी दी कि अब इस मामले में आला अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कब्रिस्तान और जमीन से जुड़े मुद्दे पर उनका विरोध जारी रहेगा।
तलत हक्कानी ने थाने में शिकायत की बात कही
औकाफ-ए-शाही कार्यालय के प्रभारी तलत हक्कानी ने बताया कि घर जाते समय उन्हें रास्ते में रोककर स्याही डाली गई। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि वे मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए तलैया थाने पहुंचे हैं।


