नई दिल्ली। हरियाणा के पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक अधीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आरोपी के घर से करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। अधीक्षक को 19 नवंबर को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।
जीएसटी कार्रवाई में राहत देने के बदले मांगे थे 10 लाख
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी अधीक्षक ने एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी में 1.86 करोड़ की संपत्ति बरामद
गिरफ्तारी के अगले दिन 20 नवंबर को सीबीआई ने आरोपी के आवास पर तलाशी ली। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा और करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी भी मिली, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस तरह भारतीय और विदेशी मुद्रा के साथ सोने-चांदी की कुल बरामदगी लगभग 1.86 करोड़ रुपये की है।
छह बैंक खातों और निवेश के दस्तावेज भी मिले
सीबीआई को तलाशी के दौरान आरोपी के छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो और जीवन बीमा पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा कई अचल संपत्तियों और एक वाहन से संबंधित कागजात बरामद किए गए हैं। आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी जांच एजेंसी ने जब्त किए हैं।
संपत्ति के स्रोत की जांच में जुटी सीबीआई
सीबीआई अब बरामद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों, निवेश और बैंक खातों में जमा रकम का स्रोत क्या है। मामले में वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


