रवींद्र भवन में तीन दिवसीय आयोजन ‘यो अपनों मालवो’; 24 को साधु तिवारी की लाइव प्रस्तुति, 25 नवंबर को होगा मालवी कवि सम्मेलन
भोपाल। मालवा की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरागत खानपान, लोकसंगीत, साहित्य और हस्तशिल्प की झलक अब राजधानी भोपाल में देखने को मिलेगी। मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में 23 से 25 नवंबर तक रवींद्र भवन में तीन दिवसीय ‘मालवा उत्सव–यो अपनों मालवो’ आयोजित किया जाएगा। उत्सव में मालवा की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
उत्सव का शुभारंभ 23 नवंबर को शाम 5 बजे होगा। उद्घाटन अवसर पर उज्जैन की ऋतु शर्मा और उनकी टीम रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। इसी दौरान मालवी भाषा, साहित्य, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ विभूतियों को ‘मालवा रत्न’ सम्मान से नवाजा जाएगा। सम्मानित होने वालों में नरहरि पटेल, डॉ. शिव चौरसिया, सतीश दवे, डॉ. माया बेन वधेका, निशा त्रिवेदी, पराग छापेकर, मुकेश जोशी, मालवी भाभी और डॉ. कमल हेतावल शामिल हैं।
मालवा के पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
उत्सव में मालवा के पारंपरिक खानपान के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें दाल-बाफले, भुट्टे का कीस, गराड़ू, मावा-बाटी, खोपरा पैटिस और रतलामी सेव जैसे लोकप्रिय व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा उज्जैन की प्रसिद्ध बटिक प्रिंट कला, पारंपरिक वस्त्र, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
साधु तिवारी की लाइव प्रस्तुति होगी आकर्षण
24 नवंबर की शाम संगीत प्रेमियों के नाम रहेगी। इस दिन ‘हनुमान अंश’ फिल्म के प्रमुख कलाकार साधु तिवारी अपनी लाइव संगीत प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति उत्सव में विशेष आकर्षण रहेगी।
मालवी कवि सम्मेलन से होगा समापन
उत्सव के अंतिम दिन 25 नवंबर को रवींद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर मालवी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉ. माया बदेका, नरेंद्र शर्मा नखेत्री, डॉ. राजेश रावल, डॉ. विक्रम विवेक, भरत पंड्या, राजेंद्र जैन और राहुल शर्मा सहित कई कवि अपनी मालवी रचनाओं के माध्यम से लोकभाषा और साहित्य की मिठास घोलेंगे।
समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य मालवा की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना और स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, शिल्पकारों तथा उद्यमियों को व्यापक पहचान दिलाना है। ‘यो अपनों मालवो’ की थीम पर आयोजित यह उत्सव राजधानी में मालवा की परंपरा, आत्मीयता और सांस्कृतिक गौरव को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।


