भोपाल। मध्य प्रदेश के करीब 35 लाख विद्यार्थियों के लिए लंबे समय से अटकी डिजिटल दस्तावेजों की सुविधा बहाल होने जा रही है। अब वर्ष 2021 से 2025 के बीच उच्च शिक्षण संस्थानों से पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों की अंकसूची, डिग्री और शैक्षणिक क्रेडिट डिजीलॉकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। तकनीकी अड़चनों के चलते पिछले चार वर्षों का जो रिकॉर्ड अपलोड नहीं हो पा रहा था, उसे अपडेट करने के लिए संस्थानों को विशेष समय दिया गया है।
इस फैसले से प्रदेश के स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लाखों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। अब उन्हें नौकरी के आवेदन, उच्च शिक्षा में प्रवेश और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बार-बार विश्वविद्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
31 जनवरी 2027 तक अपलोड करना होगा रिकॉर्ड
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को लंबित शैक्षणिक रिकॉर्ड डिजीलॉकर तथा एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था का लाभ प्रदेश के 19 विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों और स्वशासी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा।
संस्थानों को 31 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है। रिकॉर्ड अपलोड होने के बाद विद्यार्थियों की मार्कशीट और डिग्री उनकी अपार आईडी से लिंक होकर डिजीलॉकर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
नौकरी और आगे की पढ़ाई के लिए नहीं भटकना पड़ेगा
डिजिटल दस्तावेज उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को कई स्तरों पर सुविधा मिलेगी। नौकरी के लिए आवेदन करते समय अंकसूची और डिग्री जमा करने, दूसरे संस्थान में प्रवेश लेने, शैक्षणिक क्रेडिट ट्रांसफर कराने और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की प्रक्रिया आसान होगी। डिजिटल रिकॉर्ड होने से दस्तावेज खोने या उनकी प्रमाणित प्रतियां हासिल करने की परेशानी भी कम होगी।
तकनीकी नियमों ने रोक दिया था चार साल का रिकॉर्ड
केंद्र सरकार के जोनल कोऑर्डिनेटर अभिनव शर्मा के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष से जुड़ी तकनीकी पाबंदियों के कारण संस्थान नवंबर 2025 से परीक्षा वर्ष 2021 से 2024 तक का रिकॉर्ड अपलोड नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद जून 2026 से परीक्षा वर्ष 2025 का डेटा अपलोड होना भी बंद हो गया।
हैरानी की बात यह थी कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के पास विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड मौजूद था, लेकिन तकनीकी बाध्यता के कारण यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज नहीं हो पा रहा था। इससे विद्यार्थियों को अपनी मार्कशीट और डिग्री ऑनलाइन हासिल करने के साथ एबीसी खाते में शैक्षणिक क्रेडिट जुड़वाने में भी परेशानी हो रही थी।
तकनीकी दिक्कत पर यहां मिलेगी मदद
डिजीलॉकर और एबीसी पोर्टल पर रिकॉर्ड अपलोड करने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक वर्चुअल हेल्प सेशन आयोजित किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों को अपार आईडी या डिजीलॉकर में डेटा अपडेट नहीं होने पर हेल्पलाइन नंबर 1800-889-3511 पर संपर्क करने अथवा आधिकारिक सपोर्ट पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि रिकॉर्ड अपलोड करने के लिए निर्धारित 31 जनवरी 2027 की समय-सीमा आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में संबंधित संस्थानों के सामने अब लंबित रिकॉर्ड समय पर अपलोड करने की चुनौती है।


