भोपाल। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को मध्य प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर धार जिले के डही में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करेंगे। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। इस दौरान डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी किया जाएगा।
प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन होंगे। मुख्य समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
15 नवंबर को आलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 14 नवंबर को जबलपुर और 16 नवंबर को खंडवा तथा शहडोल जिले के ब्यौहारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे।
जनजातीय विकास के लिए 47,295 करोड़ का बजट
राज्य सरकार ने जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में 47,295 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 6,491 करोड़ रुपये अधिक है।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 51 जिलों के 267 विकासखंडों के 11,377 गांवों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से बैगा, भारिया और सहरिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आवास, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए जनजातीय परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


