नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों और राजनीतिक गतिविधियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक कर संगठन के कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और भावी कार्ययोजना पर चर्चा की। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के ‘वोट चोरी’ अभियान के बीच भाजपा अपने जवाबी अभियान को भी तेज कर रही है।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े और सुनील बंसल सहित अन्य नेता शामिल हुए। बैठक के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
‘वोट चोरी’ के आरोपों के जवाब में भाजपा का मार्च
बैठक से एक दिन पहले बुधवार को नितिन नवीन ने दिल्ली के चांदनी चौक में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मार्च का नेतृत्व किया था। एसआईआर को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतदाता सूची की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा इस अभियान के जरिए विपक्ष के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने में जुटी है।
गांधी परिवार पर निशाना
चांदनी चौक में मार्च के दौरान नितिन नवीन ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के नाम पर कटाक्ष करते हुए ‘कांग्रेस-आई’ को ‘इटैलियन कांग्रेस’ बताया। साथ ही कांग्रेस की चुनावी हार को नागरिकों की ओर से किया गया शुद्धिकरण करार दिया।


