आइची-नागोया।Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीत लिया। एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में यह भारत का चौथा स्वर्ण पदक है।
भारतीय टीम इससे पहले 2010, 2014 और 2022 के एशियन गेम्स में भी महिला कबड्डी का स्वर्ण पदक जीत चुकी है। ईरान के खिलाफ फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए बढ़त कायम रखी और खिताब पर कब्जा कर लिया।
इस स्वर्ण के साथ एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 27 हो गई है। भारत के खाते में अब 3 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल 12वें स्थान पर है।
स्क्वैश में अभय और अनाहत फाइनल में
स्क्वैश में भी भारत के लिए शानदार दिन रहा। अभय सिंह ने पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश कर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। उन्होंने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को सीधे गेमों में 3-0 से हराया।
वहीं, 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने महिला एकल के फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने जापान की विश्व नंबर छह सातोमी वातानाबे को 3-2 से हराया। अनाहत ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।
पीवी सिंधू तीसरे दौर में
बैडमिंटन में पीवी सिंधू ने महिला एकल के तीसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने चीनी ताइपे की चू पिन-चियान को 21-19, 21-14 से शिकस्त दी। अब सिंधू का सामना मेजबान जापान की विश्व नंबर सात तोमोका मियाजाकी से होगा।
भारत को शनिवार को अब तक चार पदक मिल चुके हैं। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य शामिल हैं। मैराथन में सावन बरवाल ने रजत, महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम ने रजत, जबकि जोशना चिनप्पा-सेंथिलकुमार की जोड़ी ने स्क्वैश में कांस्य पदक जीता है।


