नई दिल्ली। DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव मैदान में उतरे 20 उम्मीदवारों की किस्मत करीब डेढ़ लाख छात्र मतदाता तय करेंगे। मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को सील कर दिया जाएगा। शनिवार सुबह 8:30 बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
डूसू चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं, सांध्य कॉलेजों में मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक चलेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
अध्यक्ष पद पर सात उम्मीदवार
इस वर्ष डूसू चुनाव में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी हैं। सचिव और सह सचिव पद के लिए चार-चार उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में करीब डेढ़ लाख छात्र मतदान करेंगे।
डूसू और कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के लिए करीब 1,000 ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा 300 सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएंगी। दिल्ली विश्वविद्यालय के करीब 8 से 10 कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री को सील कर सुरक्षित रखा जाएगा।
शनिवार को होगी मतगणना
मतदान के अगले दिन शनिवार सुबह 8:30 बजे से मतगणना शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर तक चुनाव परिणाम सामने आ सकते हैं।
कॉलेज आईडी के बिना प्रवेश नहीं
मतदान केंद्र पर छात्रों को कॉलेज की वैध पहचान पत्र दिखाना होगा। 9 सितंबर तक दाखिला लेने वाले ऐसे छात्र, जिन्हें अभी कॉलेज आईडी कार्ड नहीं मिला है, फीस स्लिप और सरकारी पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेंगे।
दूसरे और तीसरे वर्ष के छात्र कॉलेज आईडी कार्ड या सरकारी पहचान पत्र के आधार पर मतदान कर सकेंगे। जिन छात्रों को कॉलेज या विभाग की ओर से आईडी कार्ड जारी नहीं किया गया है, उन्हें आधार कार्ड जैसे सरकारी पहचान पत्र और फीस रसीद के भौतिक सत्यापन के बाद ही मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
हिंसा की घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ाई
चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में कुछ स्थानों पर हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, मतदान और मतगणना के दौरान कॉलेजों के बाहर करीब 1,000 से 1,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार रात से ही विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा संभाल ली। स्थानीय पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस कंपनियों की भी तैनाती की जाएगी। कॉलेज परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डूसू चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों पर पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच और चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी।


