भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ढाई इंच से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं 20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, कटनी, शहडोल, छतरपुर, पन्ना, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है।
भोपाल समेत 30 जिलों में बारिश का दौर
राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के करीब 30 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इनमें भोपाल, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, रतलाम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, डिंडौरी, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी शामिल हैं।
करैरा में 5.4 इंच बारिश, भोपाल में भी तेज बौछारें
बीते 24 घंटे में नर्मदापुरम में औसतन 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं शिवपुरी के करैरा में 5.4 इंच, निवाड़ी के ओरछा में 3.3 इंच, सागर के रहली में 3 इंच, भोपाल के कोलार में 3.2 इंच, नवीबाग में 3.1 इंच और भोपाल शहर में करीब 3 इंच बारिश दर्ज हुई।
लगातार बारिश के चलते शहडोल में सोमवार रात बाणसागर बांध के तीन गेट आधा-आधा मीटर खोले गए। बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निम्न दबाव क्षेत्र और द्रोणिका का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र और द्रोणिका सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।
40 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश
प्रदेश में लगातार बारिश के बावजूद करीब 40 जिलों में बारिश सामान्य से कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में सामान्य से 6 से 51 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। पश्चिमी हिस्से के 24 जिलों में भी सामान्य से 1 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।
15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
इसके विपरीत अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन और राजगढ़ में बारिश सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश में मानसूनी सीजन के दौरान सामान्य बारिश करीब 37.3 इंच मानी जाती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 38 से 39 इंच रहता है।


