भोपाल। रक्षाबंधन के मौके पर मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री मैहर जिले में करीब 256 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।
हर लाड़ली बहना के खाते में आएंगे 1750 रुपये
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपये की नियमित मासिक सहायता राशि भेजी जाएगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार की ओर से 250 रुपये की अतिरिक्त राशि भी दी जा रही है।
इस तरह पात्र महिलाओं को कुल 1,750 रुपये मिलेंगे। यह पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी। इसमें 1,500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता और 250 रुपये रक्षाबंधन के विशेष शगुन के तौर पर दिए जा रहे हैं।
1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ
लाड़ली बहना योजना के तहत इस बार प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक महिलाओं को राशि का लाभ मिलेगा। सरकार का दावा है कि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।
अब तक 63 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर
मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की थी। अगस्त 2026 तक योजना की 39 किस्तों के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 63,248 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।


