मुंबई। नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में टीवी अभिनेत्री शिवांगी जोशी ने अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक अनुभव को साझा किया। शो के एक इमोशनल टास्क के दौरान उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में उनके ही एक मुंहबोले मामा ने एक्टिंग सिखाने के बहाने उनके साथ यौन शोषण करने की कोशिश की थी।
शिवांगी ने बताया कि परिवार उस व्यक्ति पर पूरा भरोसा करता था। जब उन्होंने अभिनेत्री बनने की इच्छा जताई तो उसने इसी भरोसे का गलत फायदा उठाना शुरू कर दिया। वह उन्हें ड्राइविंग सिखाने के बहाने अपनी गोद में बैठने के लिए कहता था। शुरुआत में उन्हें उसकी मंशा समझ नहीं आई, लेकिन कुछ दिनों बाद असहज महसूस होने पर उन्होंने उसके साथ जाना बंद कर दिया।
अभिनेत्री ने आगे बताया कि एक दिन जब उनके माता-पिता घर पर नहीं थे, तब वह व्यक्ति एक्टिंग सिखाने के बहाने घर पहुंचा। उसने पहले उनके गाल पर किस किया और फिर होंठों पर किस करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने उन्हें जमीन पर पटक दिया।
शिवांगी ने कहा कि उसी दौरान उनके माता-पिता के घर लौटने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर माता-पिता तुरंत अंदर पहुंचे और पूरी घटना जानने के बाद आरोपी की पिटाई कर दी। शिवांगी ने बताया कि इस घटना का उन पर गहरा मानसिक असर पड़ा और कई दिनों तक वह घर से बाहर नहीं निकल सकीं।


