मुंबई। बॉलीवुड के क्लासिक गानों को नए अंदाज में पेश करने का ट्रेंड लगातार जारी है। इसी कड़ी में 1995 की सुपरहिट फिल्म ‘करण अर्जुन’ के लोकप्रिय गीत ‘मुझको राणा जी माफ करना’ का रीमिक्स वर्जन ‘राणा जी 2.0’ रिलीज कर दिया गया है। हालांकि, रिलीज के साथ ही यह गाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। खासकर म्यूजिक वीडियो में नजर आईं टीवी अभिनेत्री और ‘बिग बॉस 13’ फेम माहिरा शर्मा को लेकर यूजर्स ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दी हैं।
माहिरा शर्मा के एक्सप्रेशन पर उठे सवाल
गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म पर कई यूजर्स ने माहिरा शर्मा के डांस और एक्सप्रेशन की आलोचना की। कुछ यूजर्स का कहना है कि जिस गाने में भाव-भंगिमाओं की अहम भूमिका थी, उसमें उन्हें अपेक्षित एक्सप्रेशन देखने को नहीं मिले।
कई लोगों ने मूल गाने में अभिनेत्री ममता कुलकर्णी के प्रदर्शन की तुलना करते हुए लिखा कि उनके भाव कहीं अधिक प्रभावशाली थे। वहीं कुछ यूजर्स ने माहिरा के लुक की तुलना अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के लोकप्रिय डांस नंबर ‘राम चाहे लीला’ से भी की।
कॉस्मेटिक बदलाव को लेकर भी हुई चर्चा
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने माहिरा शर्मा के चेहरे में आए बदलावों को लेकर भी टिप्पणियां कीं। कई पोस्ट में उनके चेहरे के हाव-भाव और कथित कॉस्मेटिक प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठाए गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और अभिनेत्री की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दो अलग-अलग लुक में नजर आईं माहिरा
‘राणा जी 2.0’ में माहिरा शर्मा दो अलग-अलग ग्लैमरस लुक में दिखाई देती हैं। एक लुक में उन्होंने ब्लैक आउटफिट के साथ बिंदी, सिल्वर ईयररिंग्स और कमरबंद कैरी किया है। वहीं दूसरे लुक में रेड कलर के गोल्डन एम्बेलिशमेंट वाले परिधान के साथ मिनिमल ज्वेलरी और नथ पहने नजर आती हैं। वीडियो में उनकी कमर पर ‘राणा जी माफ करना’ लिखे टैटू की भी चर्चा हो रही है।
ओरिजिनल आवाज, नया म्यूजिक
इस रीमिक्स ट्रैक की खास बात यह है कि इसे मूल गीत की गायिकाएं इला अरुण और अलका याज्ञनिक ने ही अपनी आवाज दी है। गाने का निर्माण टिप्स म्यूजिक के कुमार तौरानी ने किया है, जबकि नए संस्करण का संगीत तनिष्क बागची ने तैयार किया है।
हालांकि, रिलीज के बाद जहां कुछ दर्शकों ने नए अंदाज की सराहना की, वहीं बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने मूल गीत की तुलना में इसे कमजोर बताया। फिलहाल, ‘राणा जी 2.0’ इंटरनेट पर चर्चा और बहस का विषय बना हुआ है।


