भोपाल। मप्र पुलिस महकमे में जून का महीना अहम प्रशासनिक फैसलों का गवाह बनने जा रहा है। एक ओर लोकायुक्त डीजी योगेश देशमुख और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ आईपीएस मीनाक्षी शर्मा को केंद्र सरकार में डीजी स्तर की नियुक्ति के लिए इम्पैनल किया गया है, वहीं दूसरी ओर राज्य पुलिस सेवा (SPS) अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति देने के लिए 25 जून 2026 को विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक तय कर दी गई है।
25 जून को होगी IPS अवार्ड की DPC
गृह विभाग के प्रस्ताव पर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के लिए डीपीसी की तारीख निर्धारित कर दी है। इस बैठक में 9 अधिकारियों को IPS अवार्ड मिलने की संभावना है।
इस बार 1997 और 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। कुल 27 अधिकारियों की सूची डीपीसी के लिए भेजी गई है।
इन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार
डीपीसी में जिन प्रमुख अधिकारियों के नाम हैं, उनमें सीताराम, अमृत मीणा, निमिषा पांडेय, राजेश मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा सोनी, सुमन गुर्जर,, संदीप मिश्रा
सब्यसाची सर्राफ, समर वर्मा और सत्येन्द्र सिंह तोमर सहित कुल 27 अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार अमृत मीणा के जाति प्रमाण-पत्र और राजेश मिश्रा के खिलाफ विभागीय जांच के कारण इनके मामलों पर अंतिम निर्णय लंबित रह सकता है। ऐसे में इनका मामला ‘सीलबंद लिफाफा’ प्रक्रिया के तहत रखा जा सकता है।
IAS अवार्ड के लिए भी तैयारी जारी
उधर राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों को IAS अवार्ड देने की प्रक्रिया भी चल रही है। 13 पदों के लिए करीब 39 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए जाने हैं। IAS पदोन्नति के लिए 2007 और 2008 बैच के अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। हालांकि सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से प्रस्ताव अभी तक पूरी तरह आगे नहीं बढ़ पाया है।
योगेश देशमुख और मीनाक्षी शर्मा को मिला बड़ा मौका
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी देशभर के 33 वरिष्ठ IPS अधिकारियों की इम्पैनलमेंट सूची में मप्र के दो अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इनमें योगेश देशमुख (1995 बैच) – वर्तमान में लोकायुक्त डीजी और मीनाक्षी शर्मा (1995 बैच) – केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने दोनों अधिकारियों को डायरेक्टर जनरल (DG) या समकक्ष पदों के लिए इम्पैनल किया है। इसका अर्थ है कि यदि योगेश देशमुख भविष्य में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाते हैं तो उन्हें केंद्र सरकार के किसी सुरक्षा या कानून-व्यवस्था से जुड़े विभाग में डीजी स्तर का पद मिल सकता है। वहीं मीनाक्षी शर्मा पहले से ही केंद्र सरकार में सेवाएं दे रही हैं और उन्हें भी डीजी रैंक के समकक्ष जिम्मेदारी मिलने का रास्ता खुल गया है।


