जयपुर। Jaipur Ajmer Highway Accident: राजस्थान में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बगरू के पास शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के नासिक जिले के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बस बगरू पुलिया से उतरते हुए बस स्टैंड के पास पहुंची और आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 1:45 से 1:50 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में ओवरटेकिंग के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर जा रहे थे श्रद्धालु
ट्रैवलर बस में कुल 29 यात्री सवार थे, जिनमें 24 वयस्क और पांच बच्चे शामिल थे। सभी महाराष्ट्र के नासिक जिले के निवासी बताए गए हैं। श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद चित्तौड़गढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बस हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की पहचान संदीप सिंह, दीपक सिंह और महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सात गंभीर घायल जयपुर रेफर
हादसे में घायल यात्रियों को बगरू के उप जिला अस्पताल और जयपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सात गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया। एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज जारी है।
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. राजेंद्र मांडिया के अनुसार, गंभीर रूप से घायल सात मरीजों में से दो को नाजुक हालत के कारण भर्ती किया गया है, जबकि तीन को गहन निगरानी के लिए ऑब्जर्वेशन वार्ड में रखा गया। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बस चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रैवलर बस का चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में ओवरटेकिंग के दौरान टक्कर होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।


