मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले सनी देओल अपने प्रशंसकों के लिए खास तोहफा लेकर आ रहे हैं। उनकी तीन सुपरहिट और आइकॉनिक फिल्में ‘दामिनी’, ‘घातक’ और ‘घायल’ एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं।
निर्माताओं ने नई पीढ़ी के दर्शकों को इन क्लासिक फिल्मों का बड़े पर्दे पर अनुभव कराने और पुराने प्रशंसकों की यादें ताजा करने के उद्देश्य से इन फिल्मों को री-रिलीज करने का फैसला लिया है।
तीन हफ्तों तक चलेगा सनी देओल स्पेशल
निर्माताओं और निर्देशक राजकुमार संतोषी की पहल पर यह विशेष रेट्रोस्पेक्टिव तीन सप्ताह तक चलेगा। इसकी शुरुआत 24 जुलाई को ‘दामिनी’ की री-रिलीज से होगी।
इसके बाद 31 जुलाई को ‘घातक’ और 7 अगस्त को ‘घायल’ दोबारा सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इन तीनों फिल्मों ने 90 के दशक में सनी देओल की दमदार अभिनय शैली और एक्शन इमेज को नई पहचान दी थी।
‘बटवारा 1947’ के लिए बनेगा माहौल
इन फिल्मों की री-रिलीज का उद्देश्य आगामी फिल्म ‘बटवारा 1947’ के लिए दर्शकों में उत्साह बढ़ाना भी है। माना जा रहा है कि सनी देओल की क्लासिक फिल्मों की वापसी उनकी नई फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ाएगी।
14 अगस्त को रिलीज होगी ‘बटवारा 1947’
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित पीरियड ड्रामा है। फिल्म प्रसिद्ध साहित्यकार असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ई नई’ से प्रेरित है।
फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आज़मी, अली फज़ल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी संतोष सिवन ने की है, जबकि संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है। गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


