छतरपुर। छतरपुर जिले में चंदला थाना क्षेत्र में लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय उस पर रखी भारी लकड़ी की पाटी बाइक सवार तीन लोगों पर गिर गई। हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी मां और मौसी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीनों महोबा जिले के रिवई गांव में आयोजित मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
ओवरटेक करते समय बाइक पर गिरी लकड़ी
जानकारी के मुताबिक, बंसिया गांव निवासी लीला प्रजापति (43) अपनी बड़ी बहन विमला प्रजापति (46) और उनके बेटे कपिल प्रजापति (19) के साथ उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के रिवई गांव में मुंडन संस्कार में शामिल होने गई थीं। 25 अक्टूबर को तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम गहरौली के पास उनकी बाइक आगे चल रहे लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान ट्रैक्टर पर रखी भारी लकड़ी की पाटी असंतुलित होकर बाइक सवारों पर गिर गई।
युवक की मौके पर मौत, दोनों महिलाओं ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा इतना गंभीर था कि कपिल प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी मां विमला और मौसी लीला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को महोबा के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। एक ही हादसे में तीन परिजनों की मौत से परिवारों में शोक छा गया।
फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश
पुलिस के मुताबिक, हादसा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा के पास हुआ। तीनों शवों का पोस्टमार्टम महोबा में कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।


