नई दिल्ली। भारतीय पैरा एथलेटिक्स के दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी और तीन बार एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज यादव का मंगलवार को निधन हो गया। राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स के मुख्य कोच एस. सत्यनारायण ने उनके निधन की पुष्टि की है। नीरज अपने फ्लैट में मृत मिले। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई गई है, हालांकि उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
कोच ने की निधन की पुष्टि
मुख्य कोच एस. सत्यनारायण ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में नीरज के निधन की पुष्टि की। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। उत्तर प्रदेश के रहने वाले नीरज भारतीय पैरा एथलेटिक्स के प्रमुख खिलाड़ियों में शुमार थे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई थी।
2018 में एशियाई रिकॉर्ड के साथ जीता था स्वर्ण
नीरज यादव ने 2015 में दिल्ली राज्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोला फेंक, भाला फेंक और चक्का फेंक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपने खेल करियर की शुरुआत की थी।
2018 में इंडोनेशिया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने पुरुषों की एफ55 भाला फेंक स्पर्धा में 29.84 मीटर दूर भाला फेंककर एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद अक्टूबर 2023 में चीन के हांगझोउ में हुए एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ये पदक एफ54/55/56 वर्ग की चक्का फेंक और पुरुषों की एफ55 भाला फेंक स्पर्धाओं में मिले थे।
वर्ष 2022 में मोरक्को के माराकेच में आयोजित पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में भी नीरज ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
व्हीलचेयर टेनिस से शुरू हुआ था सफर
नीरज यादव को सात साल की उम्र में पोलियो होने का पता चला था। उन्होंने करीब सात साल तक व्हीलचेयर टेनिस खेला। इसके बाद 2015 में उन्होंने एथलेटिक्स की दुनिया में कदम रखा। वर्ष 2016 में फाजा ग्रां प्री में उन्होंने एफ55 वर्ग की गोला फेंक और चक्का फेंक स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए।
लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर नीरज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीते। उनके निधन से भारतीय पैरा खेल जगत को गहरा झटका लगा है। उनकी मौत के कारणों को लेकर फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


