हरमनप्रीत और दीप्ति के शतक
लक्ष्य निर्धारित करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। स्मृति मंधाना पारी के पहले ओवर में आउट हो गईं, जबकि शेफाली वर्मा भी जल्द पवेलियन लौट गईं। इसके बाद प्रतीका रावल और हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 124 रन जोड़कर पारी को संभाला। प्रतीका ने 67 गेंदों पर 61 रन बनाए।
उनके आउट होने के बाद हरमनप्रीत को दीप्ति शर्मा का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 153 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हरमनप्रीत ने 121 गेंदों पर 126 रन बनाए। उनकी पारी में आकर्षक ड्राइव और कट शॉट शामिल रहे। तीन जीवनदान का फायदा उठाते हुए उन्होंने वनडे करियर का आठवां शतक पूरा किया।
दूसरी ओर, दीप्ति शर्मा ने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए। उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे। उन्होंने अंतिम ओवर में चौका लगाकर अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन से भारत 328 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने में सफल रहा।
207 रन पर सिमटी जिम्बाब्वे
329 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 48.5 ओवर में 207 रन बनाकर आउट हो गई। भारत ने 121 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। अब भारतीय टीम की नजर तीसरा वनडे जीतकर जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर होगी।


